शनिवार, 12 जुलाई 2014

यज्ञ की रक्षा(राम चरित मानस पर आधारित एकांकी नाटक)

मेरे पिता जी श्री प्रेम स्वरूप श्रीवास्तव के 1974 में प्रकाशित राम चरित मानस पर आधारित चार एकांकी नाटकों के संकलन “मानस के चार फ़ूल” का पहला एकांकी नाटक।
                                                                   

यज्ञ की रक्षा
पात्र
विश्वामित्र - एक मुनि
शंखधर - एक दूसरा मुनि
दशरथ  - अयोध्या के राजा
राम      - दशरथ के पुत्र
लक्ष्मण  - दशरथ के पुत्र
मारीच   - राक्षस
सुबाहु   -  राक्षस
ताड़का  - एक राक्षसी
अन्य    - एक सेवक
          राक्षसों द्वारा वनवासी मुनियों के सताये जाने पर मुनि विश्वामित्र अयोध्या के राजा दशरथ के दरबार में पहुचे। उन्होंने राक्षसों का संहार करने के लिए दशरथ से उनके पुत्र राम और लक्ष्मण को मांगा। दशरथ पुत्रमोह के कारण पहले तो हिचके किन्तु बाद में विश्वामित्र द्वारा समझाये जाने पर स्वीकृति दे दी। राम और लक्ष्मण उस समय छोटी अवस्था के थे फिर भी गुरूजनों की रक्षा के लिए उनमें अपार बल आ गया। उन्होंने महाबली राक्षसों को मार कर आश्रमवासी गुरूजनों और मुनियों की रक्षा की।
                               पहला दृश्य
           (स्थान- मुनि विश्वामित्र का आश्रम। फूलों की उजड़ी हुई लताएं दिखायी पड़ती हैं। कुटी का फ़ूस भी जगह-जगह से नोचा हुआ है। मिट्टी के एक लिपे-पुते ऊॅंचे आसन पर विश्वामित्र आखें बन्द किये पूजा कर रहे हैं।अचानक मारो,पकड़ो,काटो-काटो का भयानक शोर सुनाई पड़ता है। भय से थर-थर कांपते हुए शंखधर का प्रवेश।)
शंखधर-गुरूदेव .... गुरूदेव.... जल्दी उठिये गुरूदेव! राक्षसों का दल इधर ही आ रहा है।
विश्वामित्र- (आंखें खोल कर आकाश की ओर देखते हुए) हे ईश्वर, क्या अब हम शान्ति के साथ एक घड़ी बैठ कर तुम्हारा नाम भी नहीं ले सकते ?(खड़े होकर आसन से नीचे उतर आते हैं। मुख पर गहरी चिन्ता दिखायी पड़ती है।) कुछ समझ में नहीं आता कि क्या किया जाय!
शंखधर- वन में जैसे ही कोई मुनि यज्ञ करने बैठता है ये राक्षस उसमें बाधा डालने के लिए दौड़ पड़ते हैं।
विश्वामित्र-लगता है, हमें अपने आश्रम खाली करने पड़ेंगे। देखो, उन दुष्टों ने ये लताएं किस तरह नोच  डाली हैं।        कुटी को कैसा उजाड़ दिया है।
शंखधर-लेकिन गुरूदेव आश्रम छोड़कर हम जायेंगे कहां?क्या कोलाहल भरे नगरों में चल कर यज्ञ और तपस्या करेंगे ?
विश्वामित्र- तुम ठीक कहते हो! हम आश्रम छोड़कर कहीं जा भी तो नहीं सकते।
शंखधर-इन राक्षसों के सरदार मारीच और सुबाहु ने तो बहुत ही उत्पात मचा रक्खा है। कल दो मुनियों को उठा ले गये और उन्हें मार कर खा गये।
विश्वामित्र-क्या ताड़का कम भयानक है। वह कल यहां आयी और आश्रम के एक बालक को मार कर खा गई।
शंखधर- हां देखिये, यहां धरती पर उसका खून फैला हुआ है।
विश्वामित्र-(आखों में आसू भर कर) यह बालक मुझे बड़ा प्यारा था। यह बहुत छोटा था तभी से इस आश्रम में रहने लगा था।
शंखधर- क्या इन राक्षसों के वध का कोई उपाय नहीं है ?
विश्वामित्र- क्यों नहीं है !
शंखधर- किसके हाथ से इनका वध हो सकता है गुरूदेव ?
विश्वामित्र- अयोध्या नरेश दशरथ के पुत्र राम और लक्ष्मण के हाथ से इनका वध हो सकता है। ये दोनों भाई बड़े वीर और साहसी हैं।
शंखधर- लेकिन वो बहुत छोटे हैं।क्या इतने छोटे बालक ऐसे भयानक और बलवान राक्षसों को हरा सकते हैं ?
विश्वामित्र- अवश्य हरा सकते हैं। लेकिन ......(अचानक विश्वामित्र के मुख पर चिन्ता छा जाती है।)
शंखधर-आप चुप क्यों हो गये गुरूदेव ?
विश्वामित्र- राजा दशरथ अपने पुत्रों को बहुत प्यार करते हैं। बुढ़ापे में उनके चार पुत्र हुये हैं। पता नहीं इस काम के लिए वे राम लक्ष्मण को देंगे या नहीं।
शंखधर-देगे क्यों नहीं। जब आप इतने अच्दे काम के लिए कहेंगे तो वे कभी इन्कार नहीं करेंगे।
विश्वामित्र- आशा तो मुझे भी यही है।
शंखधर- तब आप अवश्य जाइये गुरूदेव नहीं तो राक्षस हम सब को मार कर खा जायेंगे।
(अचानक बहुत निकट राक्षसों का भयानक कोलाहल सुनाई पड़ता है।मारो काटो की आवाजें आती हैं।मारीच और सुबाहु का प्रवेश)
मारीच- कहां है विश्वामित्र ! आज हम उसे कच्चा चबा जायेंगे।
                           (शंखधर भय से थर-थर कांपता है।)
विश्वामित्र- क्यों मारीच, तुम्हें हम लोंगों के यज्ञ में बाधा डालने से क्या सुख मिलता है ? तुम बेचारे निर्दोष मुनियों की हत्या क्यों करते हो ? बोलो सुबाहु !
सुबाहु- हाः हाः हाः हाः ! हमें आदमियों का खून मीठा लगता है विश्वामित्र !तुम लोग जंगल के मीठे फल खाते हो इसलिये तुम लोगों का खून तो और भी मीठा होता है। हाः हाः हाः ....।
विश्वामित्र- सावधान सुबाहु, तुम्हारा यह अत्याचार अधिक समय तक नहीं चल पायेगा। तुमने हम लोगों को सताना बन्द नहीं किया तो तुम्हें इसका फल भुगतना पड़ेगा।
सुबाहु- हाः हाः हाः हाः ! सुनते हो मारीच, यह विश्वामित्र का बच्चा क्या बकता है। अरे ओ मुनि, कान खोल कर सुन ले, दुनिया में ऐसा कौन पैदा हुआ है जो हमारा बाल भी बांका कर सके।
मारीच- हम लोगों पर लंका नरेश महाबली रावण की कृपा है जिससे देवताओं के राजा इन्द्र तक कांपते हैं।रावण ने काल तक को अपने वश में कर लिया है। हाः हाः हाः ................।
विश्वामित्र- लेकिन भगवान उस रावण से भी अधिक बलवान हैं। दुष्टों तुम लोगों का संहार करने के लिए उनका जन्म हो चुका है।
मारीच- तुम्हारा भगवान जन्म लेता रहे, हमें उसकी परवाह नहीं है। इस समय तो हम भूखे हैं। हमें तुम्हारा खून चाहिये।
सुबाहु- अरे मारीच, इसका खून हम लोग कल पीयेंगे,चलो आज दूसरे मुनि को ही पकड़ कर ले चलें।
          (शंखधर भय से थर-थर कांपता है।)
विश्वामित्र-(शंखधर को पीछे करके) नहीं, मेरे रहते तुम इस पर हाथ नहीं उठा सकते।
         (अचानक पीछे से गरजती हुई भयानक वेश में राक्षसी ताड़का का प्रवेश।)
ताड़का- अरे, इस मुनि को तो मैं ले जाती हूं। चलो, हम तीनों इसे बांट कर खायेंगे।(ताड़का झपट कर शंखधर को विश्वामित्र के हाथ से छुड़ा लेती है और जिधर से आई थी उधर ही उसे खींचती हुई लेकर भाग जाती है। विश्वामित्र लाचार से खड़े देखते रहते हैं।)
विश्वामित्र- (दुःखी स्वर में) नहीं, अब मुझे कुछ करना ही चाहिये। मैं आज ही राजा दशरथ के पास चलता हूं।                    (प्रस्थान। परदा गिरता है।)
              दूसरा दृश्य
       (स्थान-राजा दशरथ का महल। एक सजे हुए कमरे में राजा दशरथ बैठे हुए हैं। सेवक का प्रवेश। सेवक दशरथ को सिर झुका कर प्रणाम करता है।)
सेवक- महाराज की जय हो। महामुनि विश्वामित्र भोजन कर चुके।
दशरथ- अच्छा! उन्हें विश्राम के लिए ले जाओ। महल के सभी सेवकों को मेरा आदेश सुना दो कि वे सब तरह से महामुनि के आराम का ध्यान रखें।
सेवक-  लेकिन महराज जल्दी ही आश्रम लौट जाना चाहते हैं। इसलिए वे आपसे बिदा मांगने आये हुये हैं।
दशरथ- अच्छी बात है,उन्हें आदर के साथ ले आओ।
          (सेवक का प्रस्थान। थोड़ी देर बाद सेवक विश्वामित्र को लेकर वापस आता है। राजा दशरथ विश्वामित्र के सम्मान में खड़े हो जाते हैं और उनके चरणों में सिर झुका कर प्रणाम करते हैं। विश्वामित्र राजा दशरथ को आशीर्वाद देकर पास के दूसरे आसन पर बैठ जाते हैं।)
दशरथ- मुनिवर, मेरा अहोभाग्य है कि आज आपने इस कुटिया में प्रसाद ग्रहण किया।
विश्वामित्र-राजन तुम धन्य हो कि तुम्हारे यहां स्वयं भगवान के पुत्र के रूप में अवतार लिया है।
दशरथ- (दोनों हाथ जोड़कर) सब आप गुरूजनों की कृपा है। मैं तो निराश हो चला था कि अब मुझे इस जन्म में सन्तान का मुंह देखने को नहीं मिलेगा।
विश्वामित्र-जिस पर भगवान की कृपा होती है उसके लिए कुछ भी दुर्लभ नहीं है। इस पृथ्वी पर पाप बढ़ गया है।तुम्हारे पुत्र पापियों का विनाश करेंगे।
दशरथ- मेरे पुत्र दीन-दुखियों के काम आ सके तो अपना जीवन सफल समझूंगा। मुनिवर, अब आप अपने आगमन का कारण बतायें। मैं आपकी इच्छा जल्दी से जल्दी पूरी करना चाहता हूं।
विश्वामित्र- राजन् आजकल राक्षस आश्रमवासी मुनियों को बहुत कष्ट दे रहे हैं। उनके कारण हम लोगों का जीवन हमेशा संकट में रहता है। वे रोज मुनियों का वध करते हैं और यज्ञ में बाधा पहुंचाते हैं।
दशरथ- मैं अभी सेना सजा कर चलता हूं मुनिवर! राक्षसों के समूह को मेरी सेना चुटकी बजाते समाप्त कर देगी।
विश्वामित्र- नहीं राजन्, उन राक्षसों को वर मिला हुआ है। वे केवल आपके पुत्र राम के हाथ से ही मारे जा सकते हैं। इसलिए मैं छोटे भाई लक्ष्मण सहित रघुनाथ जी को मांगने आया हूं।
दशरथ- (चिन्ता में भर कर) आप राम और लक्ष्मण को मांगने आये हैं ?
विश्वामित्र- (हॅस कर) राजन, तुम मोह में पड़ गये ? राम और लक्ष्मण को मेरे साथ भेज कर तुम इस संसार में धर्म और यश पाओगे।
दशरथ- (कष्ट से) मुनिवर, इस बुढ़ापे में आकर मुझे चार पुत्र हुये हैं। पुत्रों का एक पल का भी वियोग मुझे सहन नहीं होता। आप मुझसे मेरा सारा खजाना ले लीजिए, यहां तक कि मैं प्राण तक दे सकता हूं। लेकिन मुनिवर,आप इन पुत्रों को मत मांगिये।
विश्वामित्र- राजन्, मैं खजाना या आपके प्राण लेकर क्या करूंगा। उन राक्षसों से हमारी रक्षा तो केवल राम और लक्ष्मण ही कर सकते हैं।
दशरथ- मुनिवर, मेरी समझ में नहीं आ रहा है कि इतने कोमल शरीर वाले छोटे-छोटे बालक उतने बलवान राक्षसों को कैसे मार सकेंगे।
विश्वामित्र- राजन्, मैं आपसे पहले ही कह चुका हूं कि राम लक्ष्मण साधारण बालक नहीं है। वे साक्षात भगवान के अवतार हैं। उनके भीतर अपार शक्ति है।
दशरथ- (हिचक के साथ) लेकिन मुनिवर ....................!
विश्वामित्र-मैं आपको विश्वास दिलाता हूं राजन्, आपके पुत्रों का बाल बांका नहीं होगा। वे गुरूजनों की रक्षा के लिए चल रहे हैं इसलिए संसार में उनका नाम अमर हो जायगा।
दशरथ- (सेवक से) जाओ, राम और लक्ष्मण को ले आओ।
                              (सेवक का प्रस्थान)
 विश्वामित्र- (प्रसन्न होकर) राजन् तुम्हारा यश बढ़े।
दशरथ- आप गुरूजनों की आज्ञा मैं कैसे टाल सकता हूं।
  (सेवक के साथ धनुष-बाण लिए राम और लक्ष्मण का प्रवेश। वे पहले विश्वामित्र के, फिर पिता के चरण छूते हैं। दोनों उन्हें आशीर्वाद देते हैं।
दशरथ-बेटा राम और लक्ष्मण,मुनिवर के आश्रम में राक्षसों ने बहुत उपद्रव मचा रखा है।जाओ,आश्रमवासियों की रक्षा करो।
        (राम और लक्ष्मण के हाथ अचानक अपने धनुष-बाण पर चले जाते हैं। फिर वे प्रसन्न मुख
         से एक दूसरे को देखते हैं।)
राम- (सिर झुका कर ) आपकी आज्ञा पूरी होगी पिता जी।
विश्वामित्र- अच्छा राजन्, मैं चलता हूं। शीघ्र ही दोनों भाई सकुशल लौट कर आयेंगे।         
          (दशरथ विश्वामित्र का चरण स्पर्श करते हैं। विश्वामित्र उन्हें आशीर्वाद देकर द्वार की ओर बढ़ते हैं। उनके पीछे-पीछे राम और लक्ष्मण का प्रस्थान। परदा गिरता है।)
                                           तीसरा दृश्य
(स्थान- विश्वामित्र का आश्रम। राम और लक्ष्मण धनुष-बाण लिए आश्रम की रक्षा करते दिखायी पड़ते हैं। विश्वामित्र तथा दूसरे मुनिगण यज्ञ करने में लगे हुए हैं।)
लक्ष्मण- भैया, पता नहीं क्यों यहां आकर मुझे बड़ी प्रसन्नता हो रही है। ऐसा आनन्द तो मुझे कभी अपने अयोध्या के राजमहलों में भी नहीं मिला।
राम-लक्ष्मण, गुरूजनों की सेवा में ऐसा ही आनन्द मिलता है। फिर मुनिवर ने हमें ऐसी विद्या भी तो दी है जिससे भूख प्यास नहीं सताती और शरीर का बल भी कई गुना बढ़ जाता है।
लक्ष्मण- (हॅसकर) भैया, जब भी हम लोग गुरूजनों की सेवा में लगे है हमें लाभ ही लाभ हुआ है।
राम-कल आते समय रास्ते में राक्षसी ताड़का को मारकर हमें कितना सुख मिला।
लक्ष्मण- हां, भैया ! सुनते हैं कि ताड़का ने यहां बड़ा उत्पात मचा रखा था।उसने आश्रम के सारे पशुओं को मार डाला। वह बेचारे मुनियों को पकड़ कर ले जाती थी और उनका खून पी जाती थी।
राम- अभी दो बड़े राक्षस मारीच और सुबाहु बचे हुए हैं। जब तक उनका वध नहीं हो जाता राक्षस यहां सबको कष्ट देते रहेंगें
लक्ष्मण- मेरी तो इच्छा हो रही है कि कब वे दिखाई पड़ें और मैं उन्हें अपने वाणों से छलनी कर दूं।
(अचानक बाहर मारो काटो चिल्लाते राक्षसों का शोर सुनायी पड़ता है। दोनों भाई सावधान होकर धनुष पर बाण चढ़ा लेते हैं।)
राम- मुनिवर,आप निश्चिन्त होकर अपना यज्ञ करें।हम दोनों भाई एक भी राक्षस को आपके निकट नहीं पहुंचने देंगे।
                                   (गरजते हुए मारीच का प्रवेश)
विश्वामित्र-देखो राम, यही मारीच है।
मारीच- (दांत किटकिटा कर) हां मैं ही मारीच हूं। ओह लगता है विश्वामित्र ने आज हम लोगों के लिए बड़ा बढि़या कलेवा मॅगा रखा है।
विश्वामित्र- मारीच, ये दोनों भाई तुम्हारा कलेवा नहीं काल हैं।
राम- (रोष से) सावधान, एक पग भी आगे बढ़ाया तो मेरा बाण तुम्हारा अन्त कर देगा।
मारीच- (जोर से हॅस कर) क्या कहने, छोटे मुंह बड़ी बात। अरे बच्चों अभी तो तुम्हारे दूध के दांत भी नहीं टूटे। जाओ अभी गुल्ली डंडा खेलो, बड़े होकर आना तब हमसे लड़ना।
लक्ष्मण- भैया, अब मुझसे नहीं रहा जाता। आज्ञा दीजिए,मैं इस दुष्ट का पल भर में अंत कर दूं।
राम- नहीं लक्ष्मण, इससे मुझे निपटने दो। सावधान मारीच, तुम्हारा काल तुम्हारे सिर पर आ पहुंचा है।
मारीच- (अट्टहास करके) ओह, तो मुझे पहले तुम्हारा ही मजेदार खून चखना पड़ेगा। (गरजता हुआ आगे बढ़ता है। राम बाण मारते हैं। मारीच बाण की चोट खाये स्थान को दोनों हाथों से दबाकर पीड़ा से चीखता हुआ बाहर भागता है।)
राम- मुनिवर, आपकी कृपा से इस अत्याचारी राक्षस का आतंक भी समाप्त हुआ।
विश्वामित्र-अभी इसका साथी सुबाहु बचा हुआ है राम। वह भी आता ही होगा (अचानक भयानक रूप से गरजते हुए सुबाहु का प्रवेश।)
सुबाहु-(क्रोध से) कहां है मारीच को बाण मारने वाले बालक ? ओह, तुम लोग हो ? आज मैं अपना आहार तुम्हीं लोगों को बनाऊॅगा।
राम-(हॅस कर) लेकिन सुबाहु, मैंने उससे भी पहले तुम्हें काल के आहार के लिए चुन लिया है।
सुबाहु- काल ! हाः हाः हाः ! काल तो मेरी मुट्ठी में है लड़कों। मैं तुम दोनों को एक साथ चबाता हूं। हाः हाः हाः।   (जैसे ही वह आगे बढ़ता है राम उसे बाण मारते हैं। बाण लगते ही वह चिल्लाता हुआ बाहर की ओर भागता है। कुछ देर से उसकी भयानक पीड़ा भरी चीख सुनाई पड़ती है।)
राम- लीजिए मुनिवर, इस दुष्ट का भी अन्त हो गया।
विश्वामित्र-(प्रसन्नता से) राम, आज तुम दोनों भाइयों ने आश्रम वासी मुनियों का कष्ट दूर किया है। संसार में तुम्हारा यश फूल की तरह फैलेगा।
राम-गुरूजनों की सेवा तो हम बालकों का कर्तव्य ही है। मुनिवर आप लोगों की रक्षा करके हम दोनों भाइयों का जन्म सफल हुआ।
विश्वामित्र-मैं आशीर्वाद देता हूं राम, तुम दोनों भाइयों की यह गुरू भक्ति सदा इस संसार में दूसरे बालकों को प्रेरणा देती रहे। तुम्हारे चरणचिन्हों पर चलने वालों को तुम्हारा बल और बुद्धि मिले। तुम्हारी तरह उनका नाम भी अमर हो।
राम- (विश्वामित्र के चरण छूकर) आपके आशीर्वाद से हमारा जीवन धन्य हुआ मुनिवर।
विश्वामित्र- अब मैं चाहता हूं कि तुम लोग कुछ दिन इस आश्रम में रह कर घूमो फिरो। जब मन में आये अयोध्या वापस चले चलना।
लक्ष्मण- हम लोगों का सौभाग्य है मुनिवर जो आपने यहां रहकर हमें कुछ सीखने का अवसर दिया। भैया, हम लोग अपनी कुटिया में चलें।
          (दोनों भाइयों का प्रस्थान। विश्वामित्र उन्हें मुग्ध दृष्टि से देखते रहते हैं। परदा गिरता है। )
                                              0000000
प्रेम स्वरूप श्रीवास्तव

                                                

रविवार, 6 जुलाई 2014

छपाक छैया ताल तलैया

                                               
 छपाक छैया ताल तलैया
मेघा बरसे जोर से भैया
कागज नाव पे सपने तैरें
सारे बच्चे खेते नैया।
छपाक छैया------।
                    
भीगे तन पे गीला गमछा
खेलें सब मिल छुपम छुपैया
मेढक झींगुर के गीतों से
तान मिलाती सारी गैया।
छपाक छैया------।


भाड़ की गर्मी पा के देखो
दाने नाचें ता ता थैया
स्कूल में छुट्टी आज हुयी है
शाम कहानी कहेंगे भैया।
छपाक छैया------।
0000

डा0हेमन्त कुमार




शुक्रवार, 13 जून 2014

बरस जाओ अब बादल राजा

सूरज की गर्मी से झुलसे
बंदर भालू और शेर जी
कौवे तोते पाखी चीखे
बरस जाओ अब बादल राजा।

तितली,झींगुर,वीर बहूटी
तड़प रहे बिन पानी सारे
महाबली घड़ियाल भी देखो
बिन पानी के हुये बिचारे।

मछली,कछुओं की तकलीफ़ें
देख के सारे मेढक जुट गये
मेघ मल्हार छेड़ दी सबने
टर्र टर्र का बजा के बाजा।
 जोर जोर फ़िर हवा चली जो
आसमान ने रंग जो बदला
गूंज उठा मेघों का राग
खुशी हुये फ़िर बादल राजा
झूम के बरसे बादल राजा।
0000
डा0हेमन्त कुमार


बुधवार, 11 जून 2014

सलमा (चित्रात्मक कहानी )

    
एक थी सलमा। उसके घर में अम्मी थीं और उसके अब्बू थे। उसका एक छोटा सा भाई भी था सलीम। घर में सब सलीम को प्यार से सल्लू बुलाते थे।
    सलमा रोज सुबह उठती।तैयार होकर स्कूल जाती।दोपहर में लौटती और खाना खाकर सो जाती। लेकिन शाम होते ही सलमा के सारे दोस्त आ जाते। राजू,दीनू,शीला पारो और मैकू। फ़िर शुरू हो जाती उनकी धमाचौकड़ी। सारे बच्चे खूब खेलते।
     गर्मी आई तो सबके स्कूल बंद हो गये। सारे बच्चे परेशान क्या करें। दिन भर घर में बंद रहते। लू और गरम हवा के डर से उनके अम्मा बापू उन्हें घर के बाहर नहीं जाने देते। उन्हें केवल शाम को खेलने का मौका मिलता।
     एक दिन सलमा की खाला आ गईं। खाला अपने गांव के ही स्कूल में पढ़ाती थीं।बच्चों के मजे हो गये। बच्चे सारा दिन खाला को घेरे रहते। कोई कहानी सुनाने को कहता कोई गीत। किसी को भूतों वाली कहानी पसंद थी तो किसी को शेर और जंगल की। खाला सबकी पसंद का ध्यान रखतीं। आठ दस दिनों तक बच्चों ने खूब मजा किया। उन्हें रोज खाला जान से नई-नई कहानियां सुनने को मिलतीं।
     खाला सलमा और उसके दोस्तों को नुमाइश दिखाने भी ले गईं। वहां किसी ने खिलौने लिये किसी ने मिठाई। पर सलमा ने ली कहानियों की किताबें।
खाला ने हंसकर पूछा, “तू किताबों का क्या करेगी?”
सलमा बोली, “जब आप चली जायेंगी तो पढ़ा करूंगी।” खाला हंस पड़ीं।
        कुछ ही दिनों के बाद खाला जान अपने गांव वापस लौट गईं। सलमा और उसके दोस्त फ़िर परेशान। अब क्या करें?कैसे बितायें छुट्टियां?
   राजू ने कहा, “चलो सब मिल कर खेलते हैं।”
“वो तो हम रोज ही खेलते हैं----” पारो ने मुंह बिचका कर कहा। मैकू ने सलाह दी कि स्कूल का पाठ याद करें।
“हुंह---गर्मी की छुट्टियां खेलने के लिये होती हैं कि पाठ याद करने के लिये।”शीला नाराज होकर बोली।
   अचानक सलमा को नुमाइश में खरीदी किताबें याद आईं।
“सुनो सुनो---मैं बताती हूं। नुमाइश में खाला जान ने कहानी की जो किताबें खरीदी थीं वो सब मेरे पास रखी हैं।” सलमा चहक कर बोली।
“तो उन्हें हम क्या करेंगे?” मैकू ने पूछा।
“हममें से एक बच्चा कहानी पढ़ेगा ----बाकी सब सुनेंगे।”सलमा बोली। सबको यह सलाह अच्छी लगी। इसके बाद सारे बच्चे अपने अपने घर चले गये।
   
अगले दिन सलमा कहानियों की किताबें ले आई। अब रोज दोपहर में सब बारी बारी से एक एक कहानी पढ़ते हैं।बाकी बच्चे बैठ कर सुनते हैं। सभी बच्चों को खूब मजा आता है।
                            0000

डा0हेमन्त कुमार

शनिवार, 31 मई 2014

टूटा सिंहराज का वादा

सिंहराज ने खबर सुनी जब
शाकाहारी जीते ज्यादा
चिंता हुयी उन्हें फ़िर भारी
क्या मेरी बस उमर है आधा।

शाकाहारी बनूं अगर तो
मार्ग में आयें ढेरों बाधा
कौन लाएगा भोजन मेरा
घट के वजन भी होगा आधा।

बुला के जंगल के जीवों को
किया तुरत उनसे इक वादा
मांस नहीं खाऊंगा अब मैं
फ़लाहार बस करूंगा सादा।

बैठ गुफ़ा के बाहर अपनी
सोच रहा क्या खाऊं सादा
खरगोश देख के लालच आयी
तोड़ दिया फ़िर अपना वादा।
000

डा0हेमन्त कुमार

रविवार, 18 मई 2014

चूजे


इक मुर्गी के दो थे चूजे
दिखने में थे बड़े अजूबे
काली कलगी वाला कालू
छुटके को सब कहते लालू।

घूम घूम अपने दड़बे में
करते थे दोनों हुड़दंग
कभी मुर्ग की पीठ पे कूदें
कभी दौड़ते दोनों संग।


इक दिन बिल्ली मौसी आईं
चूजे देख के वो ललचाई
पहले लालू को ले जाऊं
या फ़िर कालू को मैं खाऊं।

देख के उनको दोनों चीखे
गली के सारे कुत्ते भौंके
मौसी की फ़िर शामत आई
भाग वहां से जान बचाई।
000
नित्या शेफ़ाली
कक्षा-11 –c
सेण्ट डोमिनिक सेवियो कालेज
लखनऊ


मंगलवार, 1 अप्रैल 2014

बाल-नाटक--- वन की पुकार

पात्र
1 पेड़: आम, महुआ, शीशम, पीपल, सेव, लीची
2 वन देवता, वन देवी
3 ज्वाला, भैरव, सुरेश
4 पशु: शेर, हाथी, हिरन

संकेत
(अभिनय के लिए पेड़ों का अभिनय करने वाले पात्र अपने शरीर पर उस पेड़ विशेष के पत्ते धारण करें, जिसका वे अभिनय कर रहे हैं, इसी प्रकार मुखौटे लगा कर पशुओं का अभिनय करना ठीक रहेगा)
(पहला दृश्य)
(मंच के ऊपर विभिन्न पेड़ पौधे इस तरह उगे हुए दिखाई पड़ते हैं कि वन जैसा लगता है।इन्हीं के बीच घायल पड़ा हुआ आम कराह रहा है।)
आम--(कष्ट से) मनुष्य के स्वार्थी हाथों ने मुझे कुल्हाड़े से काट कर गिरा दिया है।मेरी डालियों पर आराम करने वाले पक्षियों, अब मैं तुम्हें कैसे शरण दे सकूंगा। आह, धूप से परेशान यात्रियों को अब मेरी छाया तक न मिल सकेगी।(सिसकता है)
(शीशम का प्रवेश)
शीशम-- आम भैया !
आम-- कौन ? शीशम भाई ! आओ, मेरा शरीर टुकड़े, टुकड़े होकर बिखरा पड़ा है।मैं अब तुम्हें अपनी छाती से भी नहीं लगा सकता।
शीशम--यह बहुत बुरा हुआ।आदमी के पापी हाथ अब हमें नष्ट करने पर तुले हुए हैं।
(महुआ का प्रवेश)
महुआ--मगर उसे नहीं मालूम कि ऐसा करके वह स्वयं अपने को नष्ट करने जा रहा है।
आम-- महुआ काका, तुम भी आ गये। क्यों न आते, अपना एक भाई सदा के लिए अपने बीच से बिदा हो रहा है।
महुआ--आम भाई, तुम्हारी यह दशा देख कर मेरी छाती फट रही है हमने सदा मनुष्यों का उपकार किया है।
सेब--महुआ दादा, शुरू में वह हमारी गोद में ही पला।हमने उसे फलों का भोजन दिया।अपनी छाल तथा पत्तों से उसका तन ढंका।
लीची--और सेब भाई, हमारे यहां बीजों को जमीन पे पड़े पड़े अपने आप जमते देख ही उसे खेती करने का उपाय सूझा।
शीशम--(भरे गले से) तुम ठीक कहती हो लीची रानी।फिर भी वह हमें काटने पर तुला हुआ है।पहाड़ों, घाटियों और सुन्दर सुन्दर झरनों से हमारी गोद भरी हुई है।
(पीपल का प्रवेश)
आम--लो, पीपल दादा भी आ गये।
पीपल--तुम्हारा यह हाल सुन कर भागा चला आ रहा हूं।अब हम मनुष्य को अनीति की राह पर नहीं चलने देंगे।मेरी भुजाएं उसे दंड देने के लिए फड़क रही हैं।एक ओरमुझे वह देवता कहता है,दूसरी ओर सड़कों पर वहमेरी डालियां काटता जा रहा है।भला ढूंठ पेड़ों से किसे छाया मिलेगी ? कैसा मजाक है यह ?
(सहसा जानवरों का शोर सुनायी पड़ता है)
पीपल--(चैंक कर) यह क्या।शेर, हिरन, हाथी सब इधर ही भागे चले आ रहे हैं।
(शेर, हिरन और हाथी का प्रवेश)
शेर--(क्रोध से गरज कर)जंगल कटते जा रहे हैं, अब पानी नहीं बरसता।कभी न सूखने वाले झरने, स्रोतों और तालाबों में आज पानी एक बूॅद नहीं है।हम सब प्यासे हैं।
हाथी--(चिघाड़ कर) घने जंगल ही हमारे घर हैं।पीपल दादा, आदमी ने उन्हें उजाड़ना शुरू कर दिया है।अब हम कहां रहें, कहां जायें ?
हिरन--शिकारी अपने स्वार्थ के लिए हम सबको मार रहे हैं।
पीपल--तुम सब ठीक कहते हो।धरती पर तड़पते हुए अपने आम भैया को देखो।तुम इनकी ठंडी छाया में जरूर बैठे होगे।
शेर--(गरज कर) अब हम मनुष्य के अत्याचारों को समाप्त करके ही रहेंगे।
हाथी--मैं उन्हें अपनी सूड़ में लपेट कर पैरों के नीचे रौंद डालूंगा।
आम--(कराह कर) मेरी एक बात मानो।
पीपल--कहो भाई, हम तुम्हारी एक नहीं सौ बातें मानेंगे।
आम--तुम लोग वन देवता के पास जाओ।वे अवश्य ही तुम्हारी सहायता करेंगे।
सब--बिल्कुल ठीक।चलो भाई, हम सब वन देवता के पास चलें।
(सबका प्रस्थान।परदा गिरता है)
(दूसरा दृश्य)
(जंगल में वृक्ष और पशु वन देवता से बातें करते दिखाई देते हैं।)
पीपल--वन देवता, हम सब अकारण सताए जा रहे हैं।मनुष्य के पालतू पशुओं को चारा,उनके उद्योगों में काम आने वाली लकड़ी, रसभरे फल, जड़ी बूटियां क्या नहीं देते हम उन्हें।लेकिन वह ----।
वन देवता--(क्रोध से)जब तक तुम मनुष्य से डरते रहोगे, वह तुम्हें कुचलता जायेगा।वह स्वार्थ में अंधा हो गया है। उसे अपना काला भविष्य भी नहीं दिखाई पड़ता।
पीपल--काला भविष्य ? हम समझे नहीं वन देवता।
वन देवता--तो सुनो।शायद तुम लोगों में से कोई भी इसे नहीं जानता।
हाथी--वह क्या वनदेवता ?
वन देवता--प्रकृति ने प्राणियों के जीवन की रक्षा के लिए इस पृथ्वी के चारों ओर एक पर्त बना रखी है।इसे हम ओजोन की पर्त कहते हैं।
पीपल--(आश्चर्य से) अच्छा !
वन देवता--वायुमंडल में अनेक तरह की जहरीली गैसें हैं, जिन्हें यह पर्त पृथ्वी तक आने से रोकती है।इसमें सबसे भयंकर हैं सूर्य से निकलने वाली घातक गामा किरणें।यह ओजोन की पर्त उसे रोक कर प्राणियों का जीवन बचाती है।
हाथी--लेकिन वनों के कटने से ओजोन की पर्त का क्या सम्बन्ध है, वन देवता ?
वन देवता--पहले इन किरणों के बारे में सुनो। इनसे तरह तरह की बिमारियां फैल सकती है।मानव शरीर के लिए तो ये बहुत ही घातक है। इनसे कैंसर तक हो सकता है।
पीपल--हे ईश्वर !
वन देवता--हां। और हाथी भाई तुम अब अपने सवाल का जबाव सुनो। मनुष्यों की आबादी बढ़ने से पर्यावरण प्रदूषित होता जा रहा है।ये वन उसे शुद्ध करने का कार्य करते हैं।
हाथी--अच्छा !
वन देवता--वनों के कटने से पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है।इससे ओजोन की पर्त कमजोर
पड़ती जा रही है।एक दिन वह एकदम से नष्ट हो सकती है।तब क्या जीवित रह पायेगा मनुष्य ?
पीपल--वन देवता, तब हमें रास्ता बताइये। अब हम क्या करें ?
वन देवता--रास्ता ? तुम इन वनों में मनुष्यों के आने के सारे रास्ते ही बन्द कर दो।
(वन देवी का प्रवेश)
वन देवता--कौन, वन देवी ! पधारिये।
(सभी उसे प्रणाम करते हैं)
वन देवी--वन देवता को मेरा प्रणाम स्वीकार हो।
वन देवता--(हॅस कर) प्रसन्न रहो देवी।यह अचानक कैसे कष्ट किया है ?
वन देवी--(हॅस कर) जब वन देवता इतने क्रोधित हों, मेरे लिए अपनी शैय्या पर पड़े रहना कैसे संभव होता ?
वन देवता--मनुष्य जाति हम सबको नष्ट करने पर तुली हुई है। इन्हें ईंट का जबाव पत्थर से देने की सीख दे रहा हूं।
वन देवी--क्षमा करें देव, यह तो हमारे वनों का स्वभाव नहीं है।वनों का मनुष्यों के बड़ा पुराना नाता है।वह हमारी गोद में पला है।अब भी वह हमें प्यार करता है।
वन देवता--क्या उसके प्यार का यही रूप है देवी ?
वन देवी--नहीं। वह अंधेरे में है। मैं उसे उजाले की ओर ले चलूंगी।
वन देवता--(ऊंचे स्वर में) क्या आप सब लोग वन देवी की बात से सहमत हैं ?
पीपल--वन देवी चाहेंगी तो मनुष्य अवश्य ही सॅंभल जायेगा।
सब--हम सब को वन देवी और पीपल दादा की बातें स्वीकार हैं।
(कोलाहल करते हुए सब का प्रस्थान। परदा गिरता है)
(तीसरा दृश्य)
(धूप से तपते हुए रास्ते में बीमार सुरेश उसका पिता ज्वाला और नौकर भैरव दिखायी पड़ते हैं।)
सुरेश--(कराहते हुए) बहुत तेज धूप है, पिताजी।
ज्वाला--बेटा, मैं क्या करूं ? दूर दूर तक एक भी पेड़ नहीं दिखायी पड़ रहा है।भैरव, अभी हम लोग शहर से कितनी दूर आये हैं ?
भैरव--मुश्किल से दो किलोमीटर ही आये होंगे, ठाकुर साहब! सुरेश बाबू ठीक हो गये हैं मगर अभी कमजोर बहुत हैं।मैंने आपको इसी से धूप में चलने से रोका था।पहले तो यहां सड़क के दोनों ओर छायादार पेड़ थे।अब एक झाड़ी तक नहीं है।
सुरेश--पिता जी, प्यास ..गर्मी ...उफ, सारा शरीर जैसे झुलसा जा रहा है।
ज्वाला--क्या करूं बेटा, अब अपनी बेवकूफी पर पछता रहा हूं।केवल इस ख्याल से कि तेरी मां का दिल तुझे देखने के लिए छटपटा रहा है, मैं इस धूप में भी चल पड़ा।ओह ऐसी गरमी है कि जैसे आग का तूफान आया हो।क्या इस इलाके में पेड़ ही नहीं रह गये ?
भैरव--यह इलाका आपका ही है ठाकुर साहब ! पिछले साल आपने जंगल काटने का ठेका
दे दिया था। ठेकेदार हरे भरे पेड़ काटकर शहर ले गये।
सुरेश--(कष्ट से) पिता जी, मेरी जान बचाइये।इस गरमी में झुलस कर मैं तो मर जाऊंगा।आह, कहीं भी एक घूंट ठंडा पानी नहीं है।
ज्वाला--बेटा, कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि मैं क्या करू ? ओह, आज उस साधू की
याद आ रही है।जंगल की कटाई के समय उसने कहा था‘हरे पेड़ बेटे की तरह होते हैं।’ फिर भी मैंने उसकी बात नहीं मानी।अब उसका फल भोगना पड़ रहा है।
भैरव--मालिक, पेड़ों को देवता कहा जाता था।आज भी वे देवता ही हैं।उन्हें आपने नाराज किया है।अब उनकी प्रसन्नता ही सुरेश बाबू की रक्षा कर सकती है।
ज्वाला--तू सच कहता है भैरव।हे वनदेवता ! हे वनदेवी! मैं प्रण करता हूं कि मैंने जितने पेड़ कटवाये हैं, उसके दूने पेड़ लगवाऊंगा।मेरे बेटे की रक्षा करो।
(हाथ में पात्र लिए वन देवी का प्रवेश)
ज्वाला--(चौंक कर)देवी, आप कौन हैं ?
वन देवी--मैं वन देवी हूं।तुम्हारे पुत्र के लिए जल लेकर आयी हूं।
(सुरेश को जल पिलाती है)
ज्वाला--(प्रसन्नता से)वन देवी, आज मेरे पुत्र के लिए जल लेकर आयी हैं।कितना बड़ा भाग्य है, मेरा।
वन देवी--ठाकुर साहब,छाया के अभाव में आपके पुत्र को जो कष्ट उठाना पड़ा है, उसे आप स्वयं देख रहे हैं।
ज्वाला--देवी मैं क्षमा चाहता हूं।
वन देवी--तुमने वनों को काट कर धरती की गोद सूनी कर दी।छाया के अभाव में तुमने अपने बेटे की हालत देख ली।सूखा पड़ेगा, अकाल आयेगा।बाढ़ आयेगी।तो कभी बाढ़ में गांव नगर सब कट कट कर बह जायेंगे।क्या तुम देख सकोगे यह महाविनाश ?
ज्वाला--....बस .. बस ..अब रहने दो देवी।हम अपने पुत्र की तरह वनों की रक्षा करेंगे।
वन देवी--ये वन हमेशा तुम्हें एक भाई की तरह पुकारते रहे हैं।क्या अब तुम्हें वन की यह पुकार नहीं सुनायी पड़ती ?
ज्वाला--देवी, अब मेरी आंखें खुल गई।जल्दी ही आप फिर इस धरती की गोद में वनों को झूमता हुआ देखेंगी।मैं सब लोगों से कहूंगा कि वे अपनी खाली जगहों में वृक्षारोपण कर उसे हरे भरे पेड़ों से भर दें।
वन देवी--फिर समझ लो, मनुष्य के पास कुबेर का खजाना उठा हुआ चला आयेगा।दुनिया की कोई शक्ति तुम्हारी ओर आख तक न उठा सकेगी।
ज्वाला--आपके आशीर्वाद से ऐसा ही हो देवी।
(सब वन देवी को प्रणाम करते हैं।परदा गिरता है।)
( समाप्त)
लेखक--प्रेम स्वरूप श्रीवास्तव
11मार्च,1929 को जौनपुर के खरौना गांव में जन्म।शुरुआती पढ़ाई जौनपुर में करने के बाद बनारस युनिवर्सिटी से हिन्दी साहित्य में एम0ए0।उत्तर प्रदेश के शिक्षा विभाग में विभिन्न पदों पर सरकारी नौकरी।पिछले छः दशकों से साहित्य सृजन मे संलग्न।देश की प्रमुख स्थापित पत्र पत्रिकाओं सरस्वती,कल्पना,प्रसाद,ज्ञानोदय,साप्ताहिक हिन्दुस्तान,धर्मयुग,कहानी,नई कहानी,विशाल भारत, आदि  में कहानियों,नाटकों,लेखों,तथा रेडियो नाटकों,रूपकों के अलावा प्रचुर मात्रा में बाल साहित्य का प्रकाशन।आकाशवाणी के इलाहाबाद केन्द्र से नियमित नाटकों एवं कहानियों का प्रसारण।बाल कहानियों,नाटकों,लेखों की अब तक पचास से अधिक पुस्तकें प्रकाशित।“वतन है हिन्दोस्तां हमारा”(भारत सरकार द्वारा पुरस्कृत)“अरुण यह मधुमय देश हमारा”“यह धरती है बलिदान की”“जिस देश में हमने जन्म लिया”“मेरा देश जागे”“अमर बलिदान”“मदारी का खेल”“मंदिर का कलश”“हम सेवक आपके”“आंखों का तारा”आदि बाल साहित्य की प्रमुख पुस्तकें।इसके साथ ही शिक्षा विभाग के लिये निर्मित लगभग तीन सौ से अधिक वृत्त चित्रों का लेखन कार्य।1950 के आस पास शुरू हुआ लेखन एवम सृजन का यह सफ़र आज 85वर्ष की उम्र में भी जारी है।अभी हाल में ही नेशनल बुक ट्रस्ट,इंडिया से बाल उपन्यास “मौत के चंगुल में” प्रकाशित।