रविवार, 31 मई 2015

कराटे वाला चाणक्य

 कराटे वाला चाणक्य
        
                   
 विनय शरीर से दुबला पतला था।मगर उसे देख कर कोई नही कह सकता था कि उस शरीर में एक बेहद मजबूत इन्सान भी है,इस इरादे ने ही उसे भीतर से भी बेहद मजबूत बना दिया था,मन और बुद्धि का भी वह धनी था|
       सर कमरे मे प्रवेश कर विनय कोहली साहब से बोला।
       कहो,कौन हो तुम?क्या चाहते हो तुम?कोहली ने पूछा।
प्रश्नों की इस बौछार से जरा भी विचलित हुए बिना विनय बोला सर,मैं कराटे सीखना चाहता हूँ|
क्या कहा,कराटे?यह शरीर लेकर तुम कराटे सीखना चाहते हो? कोहली मजाक के रूप में हँस कर बोले।
हां सर। क्या मैं कराटे नहीं सीख सकता? विनय ने पूछा।
नहीं,पहले खा पी कर अपने शरीर को मजबूत बनाओ तब आना। अभी तो एक बच्चा भी तुम्हें गिरा सकता है। कह कर कोहली अखबार पढ़ने लगे।
सर,मैं इतना कमजोर भी नहीं हूं। विनय बोला।
कैसे मान लूं?
यह सुनते ही विनय ने  अपने एक हाथ की मुट्ठी बांध ली। फ़िर बोला—“सर मेरी इस मुट्ठी को खोलिये।
      सुन कर कोहली मुस्कराये थे। मगर कुछ ही देर बाद उनकी मुस्कुराहट गायब हो गई। विनय की मुट्ठी खोलने में उनके पसीने छूटने लगे। तब कुछ ही क्षणों बाद विनय ने खुद ही अपनी मुट्ठी खोल ली।
          कोहली के मुंह से केवल इतना ही निकला—“वंडरफ़ुल।तुम कल से ट्रेनिंग सेण्टर पर आ सकते हो बेटेआं,इस ढीली-ढाली धोती में नहीं। अच्छा हो कि तुम पायजामा पहन कर आओ।
     विनय ने झुक कर उनके पैर छुये।फ़िर बाहर निकल आया।कोहली चकित दृष्टि से जाते हुये विनय को देखते रहे।
     विनय प्रतिदिन नियमित रूप से कोहली के यहां आने लगा।कालेज में किसी को इसकी भनक तक न लगी। अब भी वह उनके लिये एक कार्टून मात्र था।
             हां कार्टून मात्र।क्योंकि जब वह पहले दिन कालेज ज्वाइन करने आया तो उसका हुलिया कुछ ऐसा ही था।सर पर छोटे बालों के बीच गांठ लगी एक लम्बी सी चुटिया,ढीला ढाला कुर्ता,पैरों में मोटर टायर की देशी चप्पल।
               सबसे पहले उसका सामना कालेज के एक शरारती छत्र राजेन्द्र से हुआ। उसने इन शब्दों से उसका स्वागत किया—“कहिये मिस्टर चाणक्य,यहां नंद वंश का कौन है जो इस लंबी चुटिया में गांठ लगाकर यहां आए हो?चलो गांठ खुली तो लहराती चुटिया और भी अच्छी लगेगी।
                 सुनते ही उसके पीछे खड़ी छात्र छात्राओं की भीड़ ठठा कर हंस पड़ी। विनय ने कोई उत्तर नहीं दिया। केवल मुस्कुराकर रह गयाआं,यह जरूर हुआ कि उस दिन से सभी शरारती छात्र छात्राओं को उसे मिस्टर चाणक्य कहने में मजा आने लगा।
       वैसे धीरे धीरे विनय ने अपने को वहां के माहौल में ढ़ाल लिया।मगर सर पर गांठ लगी चुटिया का अस्तित्व बना रहा। इसी के साथ उसका नया नाम चाणक्य भी।
     विनय की क्लास में काफ़ी छात्र छात्राएं बड़े घरों से थे।कैंटीन में उनका नाश्ता,मिठाई,समोसे,काफ़ी आदि से होता था। उनके कपड़े भी माडर्न फ़ैशन और सुपर स्टाइल के।मामूली कपड़ों वाला विनय तो सिर्फ़ चाय ही पीकर उठ जाता था। इसीलिये ऐसे लड़के लड़कियां उसके पास बैठने में तौहीन समझते थे। विशेष रूप में वीणा और शीला को तो उससे बात तक करने में शर्म आती थी। मगर विनय इन सबसे दूर पता नहीं किस दुनिया में खोया रहता था।
    राजेन्द्र,नरेश,वीणा और शीला की दोस्ती पूरे कालेज में मशहूर थी। राजेन्द्र और नरेश भी सम्पन्न घरों से थे। वे कैंटीन,कालेज यहां तक कि बाहर भी अक्सर साथ देखे जाते थे।
          उस दिन बोर्ड परीक्षा का फ़ार्म और फ़ीस जमा हो रहे थेंआम पुकारे जाने पर विनय भी फ़ार्म फ़ीस लेकर पहुंचा।टीचर ने पैसे गिनने के बाद विनय से पूछा,यह क्या,डेढ़ सौ रूपये कम क्यूं हैं?क्या तुमने नोटिस बोर्ड पर कल बढ़ी हुयी फ़ीस के बारे में नहीं पढ़ा?
      नहीं सर,मेरी मां की तबीयत ठीक नहीं है।मैं जल्दी चला गया था। इसी से नहीं पढ़ पाया। सारी सर। विनय बोला।
    देखो,मैं इतना कर सकता हूं कि फ़ार्म और ये पैसे तो अभी रख ले रहा हूं।कल बाकी के पैसे जमा कर देना।वरना तुम्हारा फ़ार्म रुक जायेगा।टीचर ने चेतावनी के स्वर में कहा।
  वीणा शीला के कान में फ़ुसफ़ुसाई,यार तेरे पर्स में तो पैसे हैं। दे दे तो आज ही उसका फ़ार्म जमा जो जाएगा।
   शीला बोली—क्यों दे दूं?दस बीस की बात रही होती तो दे भी देती,अब डेढ़ सौ रूपये की उधारी ये चाणक्य महाशय चुकता भी कर पाएंगे? वीणा चुप लगा गई।
    विनय शाम को भारी मन से कालेज से बाहर निकला।कल कहां से आएंगे डेढ़ सौ रूपये?घर में तो मां की दवा के लिये  ही मुश्किल आन खड़ी होती है।कभी यह भी सोचता कि क्यों कराटे सीखने में  उसने इतने पैसे बर्बाद कर दिये। इसी सोच में डूबा विनय यह भी भूल गया कि वह साइकिल पकड़े पैदल ही चल रहा है।
             तभी एक स्कूटी पर वीणा और शीला उसके बगल से गुजरीं। दोनों इसी तरह एक ही स्कूटी पर कालेज आया जाया करती थीं। इस लिये विनय ने उन पर कोई ध्यान नहीं दिया।
        मगर तुरन्त ही वह चौंक पड़ा। एक बाइक पर सवार तीन शोहदे अश्लील हरकतें करते हुए उनका पीछा कर रहे थे। किसी अनिष्ट की संभावना से वह भी तुरंत साइकिल से उनका पीछा करने लगा।
         उसने देखा,उन शोहदों से पीछा छुड़ाने के लिये वे स्कूटी की रफ़्तार बढ़ाती जा रही थीं।मगर शोहदे भी बाइक की रफ़्तार उसी तरह बढ़ा रहे थे। उस रफ़्तार में साइकिल से उनका पीछा करना मुश्किल था। फ़िर भी वह जी जान से उनके पीछे लगा रहा।
         इत्तफ़ाक से एक जगह जाम लगा हुआ था।इससे उसकी रफ़्तार कुछ धीमी हो गई। यह देखते ही विनय ने साइकिल और तेज कर दी।वह सोच चुका था कि अब उसे क्या करना है।करीब पहुंचते ही उसने साइकिल से बाइक पर एक जोरदार टक्कर मारी।बाइक तुरंत लड़ख।दा कर गिर पड़ी।उसी के साथ शोहदे भी।
           सारी,भाई साहब। अचानक मेरी साइकिल के ब्रेक फ़ेल हो गये। विनय बोला। मगर तभी शोहदों ने विनय को लड़कियों को हाथ से भाग जाने का इशारा करते देख लिया। वे उसकी चालाकी समझ गये।उन्होंने अपने एक साथी को विनय से निपटने के लिये छोड़ उन लड़कियों को जा घेरा।
              विनय के लिये अब काम आसान हो गया था।उसने कराटे के दो एक वार में ही उसे ऐसा चित्त कर दिया कि वह फ़िर उठने लायक ही नहीं रहा।
       उधर विनय जब उन लोगों के पास पहुंचा तो देखा कि वहां भारी भीड़ इकट्ठी हो गयी थी। शोहदों ने वीणा और शीला के दुपट्टे फ़ाड़ कर फ़ेंक दिये थे।वे दोनों चीख रहीं थीं।मगर भीड़ मूक दर्शक बनी खड़ी थी।गुंडों के भय से कोई आगे आने की हिम्मत नहीं कर रहा था। कहीं उनके पास असलहे हुए तो? तभी विनय की नजर भीड़ में खड़े राजेन्द्र और नरेश पर पड़ी। इस समय वे भी भीड़ का हिस्सा बने हुए थे। जैसे वीणा और शीला को पहचानते तक न हों।
                 विनय के लिये अब अपने को रोकना मुश्किल हो गया। वह ललकारता हुआ उन शोहदों पर टूट पड़ा। एक मामूली से लड़के के इस साहस से प्रभावित होकर भीड़ के लोग भी उन पर टूट पड़े। उनकी अच्छी खासी पिटाई करने के बाद तीनों पुलिस को सौंप दिए गए।
विनय ने एक नजर वीणा और शीला पर डाली उनकी आंखों में कृतज्ञता के आंसू झलक रहे थे।मगर फ़िर विनय वहां एक मिनट के लिये भी नहीं रुका। क्योंकि उसे मां के लिये दवा भी तो ले आनी थी।
      अगले दिन न चाहते हुए भी मां की दवा के लिये रखे पैसों में से विनय ने डेढ़ सौ रूपए रख लिये। विनय के कालेज पहुंचने से पहले ही उसके इस साहस की सूचना पूरे कालेज को लग चुकी थी।मगर सब से पहले वह फ़ीस के बाकी पैसे लेकर क्लास में पहुंच गया।लेकिन वह चकित रह गया जब टीचर ने उसे बताया—नहीं,इन्हें और कल दिये हुए पैसों को भी वापस रख लो। तुम्हारी पूरी फ़ीस किसी और ने जमा कर दी है।
         मगर सर,किसने?
         जमा करने वाले ने नाम न बताने की शर्त पर ऐसा किया है।
         विनय समझ गया।उसने शीला और वीणा की ओर देखा।उनकी आंखें नीचे झुकी हुयी थीं।पहले तो उसने सारे पैसे उन्हें लौटा देने की बात सोची। मगर फ़िर मां की बीमारी का खयाल कर फ़िलहाल उसने चुप रहना ही ठीक समझा।
             प्रिंसिपल की नोटिस पर मध्यावकाश में दस मिनट के लिये कालेज के सभी छात्र और टीचर हाल में पहुंचे। प्रिंसिपल बोले—आप लोग यहां बुलाए जाने का उद्देश्य तो समझ ही रहे होंगे।मैं चाहता हूं कि आप सब के सामने उस छात्र को उपस्थित करूं जिसने इस कालेज का नाम रोशन किया है। आपने व्यंग से उसे चाणक्य नाम दिया है। इतिहास में एक ही चाणक्य पैदा हुआ है। मगर विनय ने कल जिस साहस का परिचय दिया है वह किसी चाणक्य से कम नहीं है। इतिहास का चाणक्य कूटनीति में पारंगत था। हमारा चाणक्य बेमिसाल साहस का धनी है। उसका कराटे का ज्ञान कल खूब काम आया। आओ विनय,लोग तुम्हारे मुख से भी दो शब्द सुनना चाह रहे हैं।
             प्रिंसिपल के पीछे खड़ा विनय सामने आकर बोला— आदरणीय गुरुजन और साथियों,मुझे आप से केवल दो बातें कहनी हैं। पहली यह कि अपनी माताओं,बहनों के साथ शोहदों द्वारा अश्लील हरकत करते देख चुप न रहें। भीड़ के साथ आप भी मूक दर्शक न बनें। ऐसे शोहदों में कोई नैतिक बल नहीं  होता। आप उन्हें ललकारते हुये आगे बढ़ें। विश्वास कीजिये,आपकी हिम्मत देख भीड़ भी उन्हें मजा चखाने आगे आ जाएगी।
   दूसरी बात यह कि आप किसी को सोच समझ कर ही अपना दोस्त बनाएं। वह भरोसेमंद और संकट में काम आने वाला हो।पूरे कालेज ने तालियों से विनय के इन शब्दों का स्वागत किया।
   बोर्ड की परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ। विनय पूरे कालेज में प्रथम स्थान पर था। उसकी इस सफ़लता पर बधाई देने वालों में सबसे पहले उसके घर पहुंचने वाली वीणा और शीला थीं। उनके भीतर आया बदलाव बिना कुछ बोले ही उनके चेहरे पर साफ़ झलक रहा था।
                                  000
प्रेम स्वरूप श्रीवास्तव
आर एस-2/108,राज्य सम्पत्ति
आवासीय परिसर,सेक्टर-21,इंदिरानगर
लखनऊ—226016
मोबाइल न0-07376627886
(इस कहानी के लेखक मेरे पिता जी श्री प्रेम स्वरूप श्रीवास्तव जी हिन्दी साहित्य के लिये नये नहीं हैं।आप पिछले छः दशकों से साहित्य सृजन में संलग्न हैं।आपने कहानियों,नाटकों,लेखों,रेडियो नाटकों,रूपकों के अलावा प्रचुर मात्रा में बाल साहित्य की रचना की है। आपकी कहनियों,नाटकों,लेखों की अब तक पचास से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।इसके साथ ही शिक्षा विभाग के लिये निर्मित लगभग तीन सौ वृत्त चित्रों का लेखन कार्य भी किया है।1950 के आस पास शुरू हुआ आपका लेखन एवम सृजन का यह सफ़र आज 86 वर्ष की उम्र में भी जारी है।)

गुरुवार, 28 मई 2015

गर्मी गर्मी------।

गर्मी से जब तंग हो गये
बंदर चीता भालू
जंगल से नदिया तट पहुंचे
किया नहाना चालू।

छपक छपक पानी में सबने
खूब उछाली बालू
भूख लगी तीनों ने मिलकर
खेत में खाई आलू।

रखवाला डंडा ले दौड़ा
सामने दिख गया भालू
चीता बंदर भाग गये पर
भालू का बना कचालू।
0000

डा0हेमन्त कुमार

शुक्रवार, 8 मई 2015

हाथ हमारे


हाथ हमारे बड़े काम के
इनकी तो है शक्ति निराली
बिना मिले दो हाथों के तो
बजती नहीं कभी भी ताली…।

हाथ से हाथ मिला कर देखो
ना कुछ भी फ़िर रहे असंभव
पर इनसे कुछ गड़बड़ हो तो
उड़ जाते हाथों के तोते…।

हाथ पे हाथ रखे यदि बैठे
लौटेगा ना ये वक़्त दोबारा
कुछ न मिलेगा तुमको फ़िर
मलके हाथ पड़े पछताना…।

हाथ हमारे बड़े काम के
इनकी तो है शक्ति निराली
बिना मिले दो हाथों के तो
बजती नहीं कभी भी ताली…।
000

डा0हेमन्त कुमार

शनिवार, 2 मई 2015

लेख--छिपकली के नाना ......।

पृथ्वी कब और कैसे बनीइस विषय पर पूरे संसार के वैज्ञानिको ने बहुत खोज की है।और आज भी कर रहे है।ज्यादातर वैज्ञानिक यह मानते हैं कि पृथ्वी की रचना सूर्य से हुई है।सूर्य में से कुछ गैसों और धूल के बादल निकल कर अलग हो गये। इन्हीं गैसों और धूल के समूह से हमारी इस पृथ्वी का निर्माण हुआ।
                        पृथ्वी पर जीवन के शुरू होने की कहानी ही बहुत पुरानी है लगभग 57 करोड़ साल पुरानी। इसीलिए उस युग को प्रागैतिहासिक काल कहा गया।प्रागैतिहासिक काल में हमारी पृथ्वी पर तरह-तरह के भयंकर जीव जन्तु मिलते थे। आज वे जानवर पृथ्वी पर नहीं है। लेकिन कहीं-कहीं उनके पदचिन्ह, कंकाल या चट्टानों में दबे अंडे मिल जाते हैं, जिससे उनके पृथ्वी पर होने की जानकारी हमें मिलती है। यहाँ हम उन्हीं प्रागैतिहासिक जीवों में से कुछ के बारे में आपकों बता रहे हैं।
                                

v  डायनासोर:- डायनासोर ग्रीक भाषा का शब्द है जिसका अर्थ है भंयकर छिपकली।  आज से लगभग बीस करोड़ साल पहले पृथ्वी पर रेंगने वाले जीवों का साम्राज्य था। उस युग को वैज्ञानिकों ने मिसोजोइक काल नाम दिया है।उसी युग में विशालकाय भयंकर डायनासोरों की पैदाइश हुई। इन डायनासोरों में कुछ का आकार तीन चार मंजिले मकानों जैसा विशाल था और कुछ साधारण पक्षियों के आकार के थे। कुछ भयंकर मांसाहारी होते थे तो कुछ विशुद्ध शाकाहारी।
v  टाइरेनोसारस:- टाइरेनोसारस मांसाहारी डायनासोरों में सबसे बड़ा और शक्तिशाली था।इसकी लंबाई लगभग 15 मीटर, ऊँचाई 6 मीटर तथा वजन 7 टन के आसपास होता था। विशाल जबड़े और सिर वाला यह जन्तु अपनी बिरादरी के अन्य जन्तुओं की तुलना में काफी अधिक बुद्धिमान था। यह अपने भयंकर दांतों से मोटी से मोटी हड्डी चबा जाता था।इसकी पिछली टांगों मे लंबे और तेज नाखून होते थे।इतना विशाल आकार और वजन होने के बावजूद यह तेजी से दौड़ता और कभी-कभी छलांगें भी लगाता था।
v एलोसारस:- एलोसारस जुरासिक काल का सबसे भयंकर मांसाहारी डायनासोर था।इसकी भी लंबाई लगभग 12 मीटर थी और वजन 12 टन।और इसके दांतों की लम्बाई तो पढकर ही आपकी रूह फना हो जाएगी।अपने 15-15 से0मी0 लंबे पैने दांतों और नाखूनों की सहायता से यह बड़े जीवों को चीर डालता था।
v  स्टैगोसारस:- डायनासोरों में मांसाहारी की तरह शाकाहारी भी थे। लेकिन इनका भी आकार प्रकार या वजन मांसाहारियों से कम नहीं होता था। अब स्टैगोसारस को ही लीजिए। इसकी लंबाई थी लगभग नौ मीटर और वजन 10 टन। लेकिन इतने विशालकाय जीव के मस्तिष्क या दिमाग  का वजन जानते हैं कितना था।मात्र 85 ग्राम यानी लगभग एक अखरोट के आकार का।
            स्टैगोसारस के शरीर की बनावट बड़ी आकर्षक थी। इसके शरीर पर एक किनारे से दूसरे किनारे तक हड्डियों की दुहरी प्लेटें होती थी।जो देखने में ढालों की तरह लगती थीं। इसकी पूंछ पर नुकीले सींगों की तरह चार बडे-बड़े कांटे होते थे। अपने शरीर की इसी अजीबो गरीब बनावट के कारण यह सीधा सादा शाकाहारी जंतु अपने मांसाहारी दुश्मनों से बच जाता था।

v डिप्लोडोकस:- अभी तक पृथ्वी पर मिले डायनासोरों के कंकालों से यह बात पता चली है कि डिप्लोडोकस अब तक का सबसे भारी भरकम शाकाहारी जन्तु था। इसका शरीर लगभग 28 मीटर लंबा था और वजन लगभग 10 टन। उसके शरीर के अनुपात में गर्दन और पूंछ बहुत लंबी होती थी। यह अपनी चारों टांगों से चलता था। मुंह का आकार बहुत छोटा होने के कारण ही शायद इसे पेड़ पौधे खाना पड़ता था।
v प्लैसियोसारसः-प्लैसियोसारस समुद्र में रहता था। इसका शरीर कछुए की तरह और गर्दन सांपों की तरह लम्बी होती थी । इसकी लम्बाई होती थी 12 मीटर । यह चप्पू  जैसे पैरों से पानी में तैरा करता था। यह अपने जबड़े के अंदर मौजूद तेज नुकीले दांतो से शिकार व अपनी रक्षा करता था ।

v डाइमेट्रोडोनः-डायनासोरों के अलावा प्रागैतिहासिक काल में एकाध ऐसे भी जन्तु थे जिनमें  स्तनपाइयों के लक्षण मिलते थे। ऐसे ही एक जन्तु डाइमेट्रोडोनके कंकाल अमेरिका की परामियन युग की चट्टानों में मिलें थे ।
                        विचित्र बनावट वाले इस जन्तु की लंबाई लगभग 3 मीटर थी।  इसके दांत तो स्तनपाइयों की तरह थे पर इसकी त्वचा सरीसृपों की तरह थी। इसकी पीठ पर पूरी रीढ की लम्बाई में नावों के पाल जैसी एक विचित्र झिल्ली मढी रहती थी।यह इसकी त्वचा का ही एक अंग थी।यह विचित्र झिल्ली इसके लिए एयरकंडीशनर का काम करती थी।यह झिल्ली उसके शरीर के तापमान को नियंत्रित करने, धूप, या हवा से उसे बचाने के लिए आवश्यक दिशा में झुक जाती थी।भयंकर दांतो वाला यह जन्तु भी मांसाहारी होता था।
                               000

डा0 हेमन्त कुमार